भास्कर अपडेट्स:जम्मू-कश्मीर में आतंकी मॉड्यूल से जुड़े मामले में दो और गिरफ्तार, अब तक 8 पकड़े गए

Fuente: देश | दैनिक भास्कर · sociedad · India, India

भास्कर अपडेट्स:जम्मू-कश्मीर में आतंकी मॉड्यूल से जुड़े मामले में दो और गिरफ्तार, अब तक 8 पकड़े गए

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बांदीपोरा आतंकी मॉड्यूल मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। पुलिस ने बताया कि इस मॉड्यूल पर अलगाववादी विचारधारा और प्रचार को बढ़ावा देने का आरोप है। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान बारामूला के चकलू निवासी इरशाद अहमद भट और सोपोर के वाटलाब निवासी शौकत अहमद रेशी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में पिछले 75 दिनों के दौरान 30 आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है। आज की अन्य खबरें… CBSE 10वीं-12वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी से, बोर्ड ने डेटशीट जारी की CBSE ने शुक्रवार को कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027, से शुरू होंगी। सभी पेपर सुबह 10:30 बजे से होंगे। कक्षा 10 की परीक्षाएं 9 मार्च को समाप्त होंगी, जबकि कक्षा 12 की परीक्षाएं 9 अप्रैल को खत्म होंगी। CBSE के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने बताया, कक्षा 10 के स्टूडेंट्स 83 विषयों में और कक्षा 12 के स्टूडेंट्स 121 विषयों में परीक्षा देंगे। परीक्षाओं की शुरुआत से 101 दिन पहले डेट शीट जारी की गई है। तरुण तेजपाल को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं, 2013 के रेप केस में 10 साल सजा पर रोक लगाने से इनकार तहलका मैगजीन के पूर्व एडिटर तरुण तेजपाल को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली है। कोर्ट ने शुक्रवार को 2013 के रेप केस में मिली 10 साल की सजा पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की बेंच ने कहा कि यह सजा पर रोक लगाने के लिए सही मामला नहीं है। तेजपाल की ओर से कपिल सिब्बल ने दलील दी कि पूरा मामला झूठा है, जबकि गोवा सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सजा बढ़ाकर उम्रकैद करने की मांग की। 6 अगस्त 2026 को बॉम्बे हाईकोर्ट ने निचली अदालत का 2021 का बरी करने का फैसला पलटते हुए तेजपाल को रेप का दोषी ठहराया था और 10 साल की कठोर कैद सुनाई थी। आरोप था कि उन्होंने 2013 में गोवा में मैगजीन के एक कार्यक्रम के दौरान होटल की लिफ्ट में अपनी जूनियर सहकर्मी के साथ रेप किया था। हाईकोर्ट के आदेश के बाद उन्होंने ट्रायल कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। फिर 20 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती दी थी। जापान में टोक्यो के पास 6.1 तीव्रता का भूकंप जापान की राजधानी टोक्यो के पास शुक्रवार शाम 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। जापान की मौसम एजेंसी के मुताबिक, भूकंप शाम 7:39 बजे देश के कांतो इलाके के समुद्र में आया। इसकी गहराई कम थी। भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। बॉम्बे हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस जांच में जुटी बॉम्बे हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकीभरा ईमेल शुक्रवार को मिला। इस ईमेल में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE), महालक्ष्मी रेसकोर्स और बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' में भी धमाके का जिक्र किया गया है। मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ​​धमकी की जांच कर रही हैं ताकि भेजने वाले की पहचान की जा सके। तमिलनाडु के चेंगलपट्टू में वैन और बस की टक्कर, 3 महिलाओं की मौत; 20 घायल तमिलनाडु के चेंगलपट्टू जिले में शुक्रवार को कर्मचारियों से भरी टूरिस्ट वैन पलटकर सामने से आ रही सरकारी बस से टकरा गई। हादसे में 3 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 20 घायल हो गईं। पुलिस के मुताबिक, वैन में सवार कर्मचारी महाबलीपुरम से केलंबक्कम की एक कंपनी में काम करने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक गाय सड़क पर आ गई। उसे बचाने की कोशिश में ड्राइवर ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। बस तिरुपोरूर से महाबलीपुरम की ओर जा रही थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 20 महिलाओं का इलाज जारी है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। कश्मीर के अनंतनाग और कुलगाम हमलों में शामिल था स्थानीय आतंकी, घाटी में विदेशी आतंकी अब भी एक्टिव, पुलिस ने दी जानकारी कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) सुजीत कुमार ने गुरुवार को बताया कि अनंतनाग और कुलगाम में हुए हमलों में एक स्थानीय आतंकी शामिल था। घाटी में कुछ विदेशी आतंकी भी सक्रिय हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों से मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि विदेशी आतंकियों की सही संख्या बताना मुश्किल है, क्योंकि वे लगातार अपनी जगह बदलते रहते हैं। अनंतनाग में 22 जून को अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी आशिक हुसैन कुरैशी की हत्या हुई थी। वहीं, कुलगाम में एक ईंट भट्ठे पर छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों दीपक रत्रे और बोपिंदर की हत्या कर दी गई थी। इन हमलों में शामिल आरोपी की पहचान कुलगाम के मोहम्मद लतीफ भट के रूप में हुई थी। उस पर लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े होने का आरोप है। दिल्ली के चावड़ी बाजार बिल्डिंग हादसे में 3 ठेकेदार गिरफ्तार, 2 की मौत हुई थी, रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन इमारत गिरने के मामले में पुलिस ने तीन ठेकेदारों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को भी मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी रही। गिरफ्तार ठेकेदारों की पहचान सिराज, ताजुद्दीन और फरकान के रूप में हुई है। तीनों हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सिरोही गांव के रहने वाले हैं। हादसा गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ था। तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने से दो लोगों की मौत हो गई थी और पांच घायल हुए थे। केरलम के कोझिकोड में दो बाइक की टक्कर, एक की मौत; 2 घायल केरलम के कोझिकोड में शुक्रवार को दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, हादसा गुरुवार रात करीब 9:30 बजे वप्पोलिथाझम में हुआ। मृतक की पहचान कन्नूर जिले के अंचमपीडिका निवासी संजाद महमूद के रूप में हुई है। वह अपनी बाइक से वप्पोलिथाझम जनता रोड की ओर मुड़ रहा था। तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दूसरी बाइक पर दो युवक सवार थे। टक्कर के बाद महमूद सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे कोझिकोड सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कलकत्ता हाईकोर्ट ने नगर निगम चुनाव पर लगाई रोक, वार्ड परिसीमन पर अंतिम फैसले तक नहीं होंगे चुनाव कलकत्ता हाईकोर्ट की वेकेशन बेंच ने याचिका मंजूर करते हुए पश्चिम बंगाल राज्य चुनाव आयोग को कोलकाता नगर निगम (KMC) चुनाव कराने से रोक दिया है। यह रोक तब तक रहेगी, जब तक वार्डों के परिसीमन को चुनौती देने वाली याचिका पर अंतिम फैसला नहीं आ जाता। कोर्ट ने सिंगल बेंच के उस आदेश में बदलाव किया है, जिसमें नगर निगम चुनाव से पहले चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगाने से इनकार कर दिया गया था। याचिका में वार्डों की संख्या 144 से बढ़ाकर 209 करने के फैसले को चुनौती दी गई थी। भारतीय नौसेना को सौंपा गया स्वदेशी एंटी-सबमरीन युद्धपोत अमिनी, 80% से ज्यादा उपकरण स्वदेशी भारतीय नौसेना को गुरुवार को स्वदेशी एंटी-सबमरीन वारफेयर शैलो वॉटर क्राफ्ट (ASW SWC) अमिनी सौंपा गया। इसे कोलकाता की गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (GRSE) ने डिजाइन और तैयार किया है। 5 नवंबर को तमिलनाडु के कट्टुपल्ली में नौसेना को इसकी डिलीवरी दी गई। भारतीय नौसेना ने कहा कि अमिनी समुद्र की गहराई में दुश्मन की पनडुब्बियों का पता लगाने और उनसे मुकाबला करने में सक्षम है। इसका नाम केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप के अमिनी द्वीप के नाम पर रखा गया है। यह पुराने INS अमिनी का नया रूप है। इस युद्धपोत में 80% से ज्यादा स्वदेशी उपकरण और तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। नौसेना के मुताबिक, इससे घरेलू रक्षा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और आयात पर निर्भरता कम होगी। यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। CJI बोले- आम नागरिकों के लिए जिला अदालत जरूरी, वकीलों को उनका भरोसा जीतना चाहिए CJI सूर्यकांत ने कहा है कि कोई भी आम नागरिक न्याय पाने की उम्मीद और कई तरह की चिंताओं के साथ सबसे पहले जिला अदालत ही पहुंचता है, इसलिए वकीलों को डॉक्टर की तरह उनका भरोसा जीतना चाहिए। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में आयोजित एक सम्मान समारोह में उन्होंने कहा कि जैसे अस्पताल पहुंचते ही मरीज को ढांढस बंधाने से उसकी आधी तकलीफ दूर हो जाती है, वैसे ही वकीलों को भी मुवक्किल को सही कानूनी सलाह देकर राहत देनी चाहिए। कार्यक्रम में देश के शीर्ष जजों और वकीलों ने हिस्सा लिया, जहां महिला वकीलों की भूमिका, नए वकीलों को सिखाने में सीनियर्स के योगदान और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय कानूनी बिरादरी की मजबूत स्थिति पर बात हुई। दिल्ली के गफ्फार मार्केट की दुकान में लगी आग, फायर ब्रिगेड की 22 गाड़ियां पहुंचीं दिल्ली के करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट में शुक्रवार रात करीब 1:30 बजे आग लग गई। आग पूड़ी प्लाजा के 13 ब्लॉक की एक दुकान में लगी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बढ़ने के बाद कुल 22 दमकल वाहन तैनात किए गए। इनमें वाटर टेंडर और पानी के टैंकर समेत अन्य आपातकालीन वाहन शामिल थे। दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे रहे। फिलहाल आग लगने की वजह का पता नहीं चल पाया है। प्रफुल्ल पटेल ने मुंबई के अस्पताल में शरद पवार से मुलाकात की NCP नेता प्रफुल्ल पटेल ने मुंबई के अस्पताल में शरद पवार से मुलाकात की। उन्होंने शरद पवार के स्वास्थ्य की जानकारी ली। पवार छाती में दर्द की शिकायत के बाद से अस्पताल में भर्ती हैं।

🔗 Leer la noticia completa en देश | दैनिक भास्कर

Ver más en News Today